वाराणसी। जिला पुलिस को अपराधियों ने दिनदहाड़े चुनौती दी है। बदमाशों ने गोली मारकर बीच शहर में दो लोगों की हत्या कर दी है। वहीं एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों मृतकों के शव को अस्पताल ले गई है। इसके साथ ही मामले की छानबीन में जुट गई है। मामला जैतपुरा थाना क्षेत्र के चौकाघाट स्थित काली मंदिर के पास है।
शुक्रवार के दिन की शुरुआत अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देने से की है। लबे सड़क बदमाशों ने दो लोगों की गोली मारकर हत्या की है, जिसमें एक व्यक्ति वाल्मीकि है जो ट्राली चालक बताया जा रहा है। वहीँ दूसरे का नाम शिवपुर निवासी संजय सिंह है। इस गोलीबारी में दिलीप नाम का व्यक्ति घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस डबल मर्डर की वारदात से पूरे शहर में दहशत का माहौल है। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से आसानी से फरार हो गए हैं।
घटनास्थल पर पहुंचे एडीजी जोन बृज भूषण ने बताया कि संजय अपने साथी के साथ बाइक से जा रहे थे। तभी पीछे से एक बाइक पर दो लोग आते हैं और उन्होंने इनको लक्ष्य कर गोली चलाई। गोली पीछे बैठे संजय को लगी जिसके बाद संजय की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं संजय के साथ बाइक चला रहा दिलीप घायल हो गया है, जिससे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के वक्त घटनास्थल पर खड़े बाल्मीकि को भी गोली लगी, जिससे उसकी भी मृत्यु हो गई है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है प्रथम दृष्टया घटना आपसी रंजिश की लग रही है।
इस पूरे प्रकरण में लोग यही कह रहे हैं कि अपराधियों के हौसले के आगे पुलिस पस्त हो चुकी है। दिनदहाड़े अपराधियों का ऐसा वर्चस्व पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा करने वाला है। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंच चुके हैं और मामले की जांच पड़ताल में जुटे हुए हैं।